जीवन व समाज की विद्रुपताओं, विडंबनाओं और विरोधाभासों पर तीखी नजर । यही तीखी नजर हास्य-व्यंग्य रचनाओं के रूप में परिणत हो जाती है । यथा नाम तथा काम की कोशिश की गई है । ये रचनाएं गुदगुदाएंगी भी और मर्म पर चोट कर बहुत कुछ सोचने के लिए विवश भी करेंगी ।

satire लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
satire लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 31 मार्च 2016

सेल्फी का सेल्फ-कॉन्फिडेंस

                     
  यह अब ताज्जुब की बात नहीं रही । अपना फोटो अपना हाथ...अपना हाथ ही जगन्नाथ । जब जी में आया, खींच ली फोटो । न कहीं जाने की जरुरत, न किसी की मिन्नत । हर स्थिति का फोटो, हर परिस्थिति का फोटो । रोता हुआ-हँसता हुआ...उल्लास को समेटता फोटो । इसे हिन्दी में बोले तो...स्वयं का फोटो, स्वयं से लिया फोटो । अंग्रेजी में और इज्जत से बोले तो...सेल्फी !
   जो चीज स्मार्टफोन से पैदा होती है, वह क्या कम स्मार्ट होगी ! और उसके जलवे...माशा अल्लाह ! समाज के लिए इसकी अहमियत की बात करना इसकी शान में गुस्ताखी करना है । फिर भी गुस्ताखी करनी पड़ेगी...बस आपके लिए ।
   सेल्फी का कमाल देखिए । संसद में असहिष्णुता पर धुआँधार वाद-विवाद होता है । पक्ष-विपक्ष एक-दूसरे को गरियाने-लतियाने से बाज नहीं आते । सबकी असहिष्णुता चरम पर होती है । असहिष्णुता की कार्यवाही...मतलब संसद की कार्यवाही खत्म कर वे बाहर निकलते हैं । आज की याद को सँजोने के लिए वे एक-दूसरे से चिपकते हैं और सेल्फी लेते हैं । सेल्फी उनमें सहिष्णुता भर देती है ।
   मीडिया किसी बात पर सरकार की ऐसी की तैसी कर रही होती है । वैसे बिना बात के भी ऐसा करना वह अपना हक मानती है । बात की खाल तो सामान्य है, पर बिना बात की खाल ! उधर सरकार उसे आत्मसंयम का परिचय देने को कहती है । जितना यह सब होता है, दोनों के बीच दूरी बढ़ती जाती है । संयोगवश सरकार और मीडिया की आँखें चार होती हैं और दोनों का सेल्फी प्रेम जाग उठता है । सेल्फी उनके बीच की दूरी को निकटता में बदल देती है । मीडिया इसे आम आदमी तक पहुँचाती है और इस तरह आम आदमी सरकार से निकटता महसूस करता है ।
   उधर एक बच्चे को अपने पिता से चेतावनी मिलती है । अमुक लड़के से अपनी तबला-भिड़ंत तत्काल बंद करो और प्रमाणस्वरूप उसके साथ की सेल्फी मेरे नंबर पर पोस्ट करो । यह अलग बात है कि कटुता को खत्म कर मित्रता के सबूत के रूप में उस बच्चे ने अपनी सेल्फी भेज दी, किन्तु तत्काल बाद तबला-वादन में संलग्न हो गया । खैर, अगली सेल्फी उसका दिमाग ठिकाने लगा देगी ।
   अभी कल सेल्फी ने कमाल कर दिया । एक चोर बड़ा हाथ मारने के बाद ऑन द स्पाट सारे सामानों के साथ अपनी सेल्फी लेकर पोस्ट करने लगा, ताकि अन्य चोरों के बीच अपना सिक्का जमा सके । देर होने के कारण वह धर लिया गया । आज सारे शहर में उसी स्मार्ट चोर की चर्चा है ।

   सेल्फी हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है । इससे उसके आत्मविश्वास की झलक मिलती है ।    

बुधवार, 23 मार्च 2016

राहत का जाम पिला गया वह

                      
   किसी ने विजय माल्या को एक फूल देने तक की जहमत नहीं उठाई, पर वे खुद ही माला पहनकर विदा हो गये । बेचारा हमारे बीच से उठ गया और हम सोते रह गये...मतलब पंछी-पखेरू उड़ गया । हम कुछ कर न सके । नहीं जनाब, वो पूरी तरह खर्च नहीं हो गये, वरन इंग्लैण्ड जाकर खर्च कर रहे हैं । जाहिर सी बात है कि वो करेंगे, तो शाहखर्ची ही करेंगे । सरकारों के लिए राहत वाली बात है । पूर्व सरकार को सुकून है कि उसका बोया बिरवा अब दैत्याकार दरख्त बन गया है । लगातार कर्ज लेकर उन्होंने सरकार की नाक तो नहीं कटवाई न ! कर्ज लिया, तो किसी करोड़ीमल की तरह नदी-जल का सेवन नहीं किया, बल्कि हमेशा घृत ही पिया । अब वो चले गये, तो उस सरकार का विलाप बनता है भाई ।
   वर्तमान सरकार भी खुश है । एक महान कर्जयोगी, जो निरन्तर कर्ज से योग की साधना करता रहा और इस देश को लाभान्वित करता रहा, अब इंग्लैण्ड वासियों से अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएगा । ऐसे साधक को अगर सरकार गिरफ्तार कर लेती, तो पूरब से पश्चिम तक उसकी थू-थू न हो जाती ?
   उधर बैंक और बैंक वाले भी गद्गद् हैं । भूत तो चला गया, पर वह अपनी लंगोटी नहीं समेट पाया । भागते भूत की लंगोटी सचमुच भली लगती है । सभी बैंक उस लंगोटी को लूटने के लिए मैदान में हैं । उनके कुछेक पैसों पर उन्होंने दावा ठोंक दिया है । लोग कहते हैं कि बैंक कर्जदारों के प्रति कठोरता का परिचय नहीं देते । किसी जाते हुए इंसान या भूत की लंगोटी लूटने में आपको कठोरता दिखाई नहीं देती ? बेचारा, जो जा रहा है, वह तो नंगा हो गया न ! उसके मानवाधिकार या भूताधिकार की रक्षा क्या आपकी जिम्मेदारी नहीं है ?
   जिम्मेदारी सभी की है । इसी क्रम में गाँव का घुरहू किसान भी प्रसन्न है । वह खुश है कि उन्होंने घृत तो अपने मुख पर लपेटा, पर चूना बैंकवालों के मुँह पर मल दिया । दो हजार के कर्ज के लिए यही बैंकवाले उसके मुख पर भरे समाज में कालिख पोत आए थे । इधर हमारे घर में भी जबर्दस्त उत्साह है । पत्नी कर्ज लेकर ठाठ करने की योजना पर मुस्तैदी से विचार कर रही है । माल्या साहब के खोज किए गये सुरक्षित रास्ते का अनुकरण हमें करना ही चाहिए ।

मंगलवार, 15 मार्च 2016

सम्मान का हकदार भ्रष्टाचार

                    
   भ्रष्टाचार पर न्यायपालिका की भृकुटि टेढ़ी हो गई है । वह इसके साम्राज्य को नेस्तो-नाबूत कर देना चाहती है । वह चाहती है कि इसकी जड़ों में मट्ठा डाल दिया जाए, ताकि यह हमेशा-हमेशा के लिए अपनी जड़ों से हाथ धो बैठे । नंद वंश के साम्राज्य को ध्वस्त एवं नष्ट करने के लिए चाणक्य ने इसी प्रक्रिया व तकनीक का सहारा लिया था । वे इसकी जड़ों में निरन्तर अपने संकल्पों का मट्ठा डालते रहे ।
   न्यायपालिका का कहना है कि भ्रष्टाचार एक प्रकार का आतंकवाद है । इसे पहचानने हेतु आप इसे आर्थिक आतंकवाद कह सकते हैं । फैलाव के नजरिए से देखा जाए, तो यह बंदूक वाले आतंकवाद से कहीं अधिक व्यापक है । सम्मान के नजरिए से भी देखा जाए, तो इसे बंदूक वाले जनाब से अधिक सम्मान हासिल है । पाकिस्तान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर जैसी कुछेक कंपनियां हैं, जो बंदूक वाले आतंकवाद के सम्मान को बढ़ाने के लिए न केवल पूंजीगत निवेश कर रही हैं, बल्कि जबर्दस्त श्रम-शक्ति भी झोंक रही हैं । पर वह सम्मान हासिल नहीं कर सकी हैं, जो भ्रष्टाचार को हासिल है ।
   बंदूक वाले आतंकवाद में एक पक्ष पीड़ित होता है, तो एक पक्ष पीड़ा देने वाला । पीड़ित के मन में आक्रोश की ज्वालाएं दहकती हैं, क्रोध का ज्वालामुखी धधकता है, दुख का समंदर हिलोरें मारता है; तो दूसरी तरफ पीड़ा-प्रदाता तत्काल-सुख के नाले में डूबता-उतराता है । आतंक रूपी अपनी उपलब्धि पर उसे गर्व तो होता है, किन्तु संतोष की प्राप्ति नहीं होती । संतोष हो जाता, तो आगे वह आतंक का मुरब्बा ही क्यों डालता...मतलब वह असंतोष की कड़ाही में फ्राई होता रहता है ।
   यह वाला आतंकवाद थोड़ा हटकर है । वैसे तो भ्रष्टाचार में भी दो पक्ष होते हैं—पीड़ित और पीड़क, किन्तु यहाँ पीड़ित पक्ष की मन की स्थिति भिन्न होती है । काम के लिए वह दर-दर भटकता है, पेट काटकर रिश्वत देने को विवश होता है, किन्तु तमाम जद्दोजहद के बाद काम हो जाने पर वह सुकून की साँस लेता है । रिश्वत लेकर काम करने वाले के लिए उसके मन में दुआ-ही-दुआ होती है । कितना भला आदमी था । पैसा तो लिया, किन्तु काम कर दिया । उधर पीड़क असंतोष की और अधिक गहराई में उतर जाता है । संतोष हो जाता, तो आगे रिश्वत ही क्यों मांगता !

   भ्रष्टाचार पर अंकुश लगने से पीड़ित पक्ष और अधिक पीड़ित हो उठेगा । वह रिश्वत किसे देगा और काम करवा पाने का सुख कैसे समेट पाएगा ! उधर रिश्वतखोर भी...नो खनकता पैसा, तो समय से काम कैसा ! आतंक की अच्छी-खासी स्थिति तो अब बनने वाली है । अत: भ्रष्टाचार को मात्र आतंकवाद कहकर न्यायपालिका इसे अपेक्षित सम्मान नहीं दे रही है ।

मंगलवार, 8 मार्च 2016

सीमाएं भी होती हैं

                 

   मैं शर्मा जी के घर के सामने पहुँचा ही था कि वे मुझे दूर से घर की तरफ आते दिखाई दिए । उनके फर्राटा भरते हुए आ रहे स्कूटर से सावधान होने का सवाल ही नहीं था, क्योंकि वे मेरे अच्छे मित्रों में से हैं । उन्हें भी पता था कि मुझे सावधान नहीं करना है, पर स्कूटर नहीं माना और उसने मेरी साइकिल को ठोंक दिया । इसके बाद वह इस तरह खड़ा हो गया, मानो बिना किसी मर्यादा के अपने चलते रहने की आजादी का जश्न मना रहा हो । इधर मेरी साइकिल आँसू के घूँट पी रही थी...उसके जीवन की आजादी का क्या ?
   अब शर्मा जी की तरफ मैंने ध्यान से देखा । उनके होंठ फड़फड़ा रहे थे । दोनों नथुनों से तूफान निकल रहा था । लाल-लाल आँखों से ज्वालामुखी का लावा फूटकर बह निकलने को बेताब था । क्या हुआ शर्मा जी-मेरे इतना पूछने भर की देर थी । वे फट पड़े, हद हो गई । इस देश में अब आदमी अपने मन की बोल भी नहीं सकता । अभिव्यक्ति की आजादी भी कोई चीज है कि नहीं ?’
   पर हुआ क्या, साफ-साफ तो बताइए ।
   हम वहाँ बोलने गए थे उनके समर्थन में, पर लोगों ने हमें बोलने ही नहीं दिया । आप जब बोलेंगे, देश के पक्ष में ही बोलेंगे...यह कैसी आजादी हुई ? कभी भी, कुछ भी बोलने की आजादी है हमें । देश में संविधान है...कोई मजाक नहीं है । हमारे इतना कहते ही वे लोग हम पर भूखे भेड़िये की तरह टूट पड़े और लात-घूँसों से ऐसी धुलाई की...
   आपने अपने विचारों को वाणी से अभिव्यक्त किया, उन्होंने लात-घूँसों से । आजादी दोनों तरफ थी । यह बात कहना चाहता था मैं उनसे, पर अपनी अभिव्यक्ति की आजादी को रोकना ही मुनासिब लगा । मुझे उस भैंसे की कहानी याद आई, जो रोज खेतों में हरी-हरी फसलों को खाया करता था । वह दो बार मुँह मारकर एक खेत से दूसरे खेत में निकल जाता था । इस मर्यादा में रहने पर किसान भी उससे खुश रहा करते थे । चलो उसका भी हक बनता है ।
   एक दिन भैंसे ने सोचा कि चरना उसका अधिकार है । अत: क्यों नहीं जैसे चाहे वैसे, वह उसका उपभोग करे । एक ही खेत में जमकर चराई के बाद वह उसे उजाड़ने लगा और कुछ ही पलों में उस खेत को तहस-नहस कर डाला । अपनी आजादी का पूरा मजा उसने आज ही लूटा था । उधर पता चलते ही किसान आ धमका । खेत की दुर्दशा देखकर वह आपे से बाहर हो गया और अपनी अभिव्यक्ति की आजादी का उपयोग करते हुए उसे तब तक पीटता रहा, जब तक वह अधमरा न हो गया ।
   तुम्हारी बकर-बकर बंद भी होगी कि नहीं ?’ अचानक उनकी पत्नी की आवाज गूँजी, जो दरवाजे पर आ खड़ी हुई थीं । पर शर्मा जी आपकी अभिव्यक्ति की आजादी...?’ मेरे मुँह से निकल गया । हद करते हैं आप भी । क्या आप नहीं जानते कि उसकी भी एक सीमा-रेखा होती है । उन्होंने अपनी पत्नी की ओर देखते हुए कहा ।

   कोई भी आजादी सीमा-विहीन नहीं होती । मैंने उनसे कहना चाहा, किन्तु वे पत्नी संग अंदर जा चुके थे । 

मंगलवार, 23 फ़रवरी 2016

समाजवाद के लिए कुछ भी करेंगे

            
   महाराज सियार आज अति प्रफुल्लित भाव में हैं । हवा के झूलों पर सवार होकर आती खबरें उनके मन को गुदगुदा रही हैं । अन्यथा तो परेशान करने वाली खबरें ही आती रही हैं । उन्हें प्रधानमंत्री का इंतजार है खबरों की पुष्टि के लिेए । जब तक अपनों के मुँह से सुन नहीं ली जाती, मन में कोई-न-कोई संशय-सा बना रहता है । इंतजार की उद्विग्नता बढ़ने से पहले ही प्रधानमंत्री महाराज के समक्ष खड़े दिखाई देते हैं ।
   महाराज, गजब हो गया । अधिकांश वन प्रांतों-खंडों के चुनावों में हमारे ही जानवर विजयी हुए । विपक्षियों को हमने धूल चटा दी ।
   गजब की क्या बात है प्रधानमंत्री जी । हमारे मार्गदर्शक नेताजी पुराने अखाड़ेबाज हैं ।’  तना कहकर महाराज हो-हो करने लगते हैं । प्रधानमंत्री भी साथ देते हैं ।
   तभी खबरी खरगोश दरबार--खास में धड़धड़ाता हुआ प्रवेश करता है ।महाराज की जय हो । तेजी से घुटनों तक झुकता है और अगले ही पल सीधा होकर खास खबरों को उड़ेलना शुरु करता है, हुजूर, विपक्षी अपनी पंचम सुर से भोंपुओं को फाड़े जा रहे हैं । उनका आरोप है कि चुनाव में आपके लकड़बग्घों ने खूब हिंसा मचाई ।
   मूर्ख हैं वे सब । क्या उन्हें नहीं पता कि लकड़बग्घों का काम हिंसा फैलाना ही है ? वैसे भी उन्होंने यह हिंसा हमारे राज-सिंहासन की मजबूती के लिए किया । यह उनका राजधर्म था । कहते हुए महाराज की भौंहें तन जाती हैं ।
   पर महाराज, वे तो आपके समाजवाद पर भी सवालिया निशान खड़े कर रहे हैं । उनका पूछना है कि यह कैसा समाजवाद है कि हर तरफ गुंडागर्दी है, अराजकता है, भाई-भतीजावाद है, जातिवाद है ।
   महाराज की आँखें लाल होने लगती हैं । शब्द रोके नहीं रुकते उनके मुख से । मैंने ठीक ही उपाधि दी थी उनको । उन्हें क्या पता कि समाजवाद के लिए कितनी कुर्बानी देनी पड़ती है । हमने अपना पूरा कुटुंब झोंक दिया है इसकी सेवा में । हमारे त्याग को वे इतना घटिया नाम कैसे दे सकते हैं ? रही बात गुंडागर्दी की, तो वह विवशता है हमारी । समाजवाद की रक्षा के लिए हम इतने प्रतिबद्ध हैं कि कुछ भी कर सकते हैं ।
   एक और आरोप है उनकी तरफ से । उनका कहना है कि खुशी के जश्न में गन चलाकर आपके लकड़बग्घों ने एक मेमने की जान ले ली ।
   देखो, समाजवाद एक यज्ञ की तरह है । उसमें निर्दोष आहुतियों का बड़ा महत्व है । निर्दोष मेमने की आहुति इस यज्ञ के लिए शुभ संकेत है ।

   महाराज असली बात को आम जानवरों तक पहुँचाने का हुक्म देते हैं । खबरी खरगोश तेजी से बाहर निकलता है ।

शुक्रवार, 19 फ़रवरी 2016

देश की बगिया को चरते सांड-बकरे

            

   पिछले दिनों एक बकरे के गिरफ्तार होने की जबर्दस्त खबर आई । हुआ ये था कि बकरा अपनी बदकिस्मती की उंगलियों के इशारे पर नाचता हुआ एक जज की बगिया में घुस गया और चराई-कांड को अंजाम दे डाला । कोई भी कहीं हाथ डालने से पहले एक बार अवश्य सोचता है, खासकर साहब लोगों के यहाँ ऐसा करते वक्त एक बार तो सोचता ही है । सोचना भी चाहिए, पर बकरा मूर्ख टाइप का था । सीधे नाक घुसेड़ दिया बगिया में । उसका चरना जज साहब को बर्दाश्त नहीं हुआ । उन्होंने थाने में शिकायत की । पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और अपनी इमेज के अनुरूप काम करते हुए बकरे को धर दबोचा ।
   वैसे गाँव-देहातों में, किसानों के खेतों में बकरे के घुसने से इतनी खलबली नहीं मचती । बकरे के घुसने को घुसना नहीं माना जाता । छोटा जीव है, दस-बीस गाल मार ही लिया, तो कौन सा अपना करम धुल गया । वहाँ तो अक्सर छुट्टे सांड घुसते रहते हैं खेतों में, बगीचों में । सांड खेतों में घुसने के बाद अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन न करे, यह कैसे हो सकता है । खेतों में उतरने के बाद वह सम्पूर्ण सांडगीरी ही दिखाता है । उसकी तरफ से गाँधीगारी दिखाने का तो सवाल ही पैदा नहीं होता । इतना सब कुछ होने पर भी किसान पुलिस के पास शिकायत करने नहीं जाता । उसे लगता है कि पशु-पक्षियों का भी उसके खेतों, फसलों और अनाजों पर हक है । जो उनके हक का है, वे ले जाएंगे और जो उसके हक का होगा, उसे मिलेगा ।
   अगर वह पुलिस से शिकायत करने की सोच भी ले, तो सबसे पहले उसे गौतम बुद्ध बनना होगा । अपनी माँ-बहनों के लिए पुलिस की तरफ से आते मंत्रों को अस्वीकार करने की क्षमता पैदा करनी होगी । बार-बार आग्रह करने पर भी पुलिस उसे यह गलत काम करने से रोकेगी । भला कोई जानवर भी अपराध कर सकता है । उसके दो-चार मुँह मार लेने से कोई पहाड़ नहीं टूट पड़ा । पुलिस क्या यही सब करने-धरने के लिए है ।
   उधर किसानों के खेतों की तरह देश की बगिया में भी न जाने कितने सांड और बकरे छुट्टे चर रहे हैं, मगर उनकी शिकायत करने के लिए कोई साहब सामने नहीं आता, क्योंकि अपनी बगिया और देश की बगिया में फर्क होता है न !  किसान बेचारा किस मुँह से इस बगिया की शिकायत करे । उसके लिए अपने खेत और इस बगिया में अंतर ही कितना है ।
                                            


मंगलवार, 16 फ़रवरी 2016

काम की तलाश में

                                       
मेरे एक पुराने मित्र बहुत समय पहले अमेरिका जाकर बस गये । अब वे अपने देश आना चाहते हैं । अगर कोई यह कहे कि उनका देश-प्रेम जाग उठा है, तो यह उनके साथ ज्यादती होगी । दरअसल जब उनका जमाना था, तो यहाँ उन्हें काम नहीं मिला । वे काफी पढ़े-लिखे और वास्तव में योग्य व्यक्ति थे । काम की तलाश में जहाँ कहीं भी जाते, उन्हें या तो काम के अनुरूप अयोग्य माना जाता या उनकी योग्यता का मजाक उड़ाया जाता । थक-हार कर वे अमेरिका चले गये । वहाँ उन्हें हाथों-हाथ लिया गया । अपनी योग्यता के दम पर फर्श से अर्श की दूरी नापने में उन्हें देर न लगी ।
   समय निकलता गया और अब आज का समय है । उनके बाद की दूसरी पीढ़ी योग्यता के मामले में पिछड़ गई । अत: घर, समाज और देश के लिए बे-काम साबित हुई । इसी पीढ़ी के लिए वे अपने देश आना चाहते हैं । जब वे अमेरिका चले गये, तो उनका ब्रेन यहाँ के लिए ड्रेन साबित हुआ । अब वे अपने घर के एक ड्रेन को यहाँ डम्प करना चाहते हैं ।
   मैंने फोन पर आपत्ति दर्ज की—क्या आप इस देश को कचरा घर समझते हैं, सारे कूड़ा-कबाड़ उठाकर यहीं पर...
   मैंने ऐसा तो नहीं कहा, पर मैं अपने देश को अच्छी तरह समझता हूँ । जवानी में सड़कों की खाक छानकर ही यह अनुभव-पुराण रचा है मैंने ।
   पर मुझे ऐसा क्यों नहीं लगता—मैंने प्रतिवाद किया ।
   जिसे नहीं लगता, उसके लिए मैं क्या कर सकता हूँ...सिवाय अफसोस के । हर जगह मंत्री से लेकर संतरी तक बिखरे पड़े हैं । ईमानदारी से बताओ, उनमें से कितने प्रतिशत योग्य हैं ?
   मित्र का तर्क तो अकाट्य था, फिर भी मैंने काटने की कोशिश की—कुछ भी हो, देश तो चल रहा है न !
   आश्चर्य ! उसे तुम चलना कहते हो । फिर उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा—तुम्हारा भी क्या दोष, उस देश में घिसटना ही चलना है !
   देश घिसट रहा है, तो फिर नई पीढ़ी को क्या घिसटाने के लिेए...
   मेरा पोता चलने के योग्य तो है नहीं । वह घिसट ही सकता है और इस काम के लिए वही जगह मुफीद है । वहाँ कई ऐसे राज्य हैं, जिनके कंगूरों में अयोग्यता का सीमेंट भरा है और हर तरफ उसी सीमेंट के लिए विज्ञापन है ।
   मित्र से डिस्कनेक्ट होकर मैं आँखें बंद कर लेता हूँ और देश पर नजर डालता हूँ । उत्तम प्रदेश का जिसका जितना अधिक दावा है, अयोग्यता का सम्मान वहाँ उतना ही अधिक है । बे-काम वही है, जिसके पास जुगाड़ और दाम नहीं है । मेरे मित्र अमेरिका गये थे, काम की तलाश में और यहाँ आ रहे हैं, काम ही की तलाश में...


शुक्रवार, 12 फ़रवरी 2016

वोट दो, रोबोट लो

                     

   साधो, सुना है कि रोबोट अब तैयार हो गए हैं नेताओं को अपनी सेवाएं देने के लिए । वे नेताओं के भाषण लिखेंगे । पता नहीं वे अपने को मानव भाषण-लेखक की स्थिति में ले जाना पसन्द करेंगे या मशीन ही बने रहेंगे । मानव मशीन से बहुत आगे की चीज होता है । मानव हाड़-माँस का बना होता है, जबकि मशीन लोहे का ढांचा । मानव को पता होता है कि पूँछ-हिलाने का शुभ-मुहूर्त्त कब है और कौन सा शुभ लग्न अधिक फलदायी होगा । मशीन क्या जाने अदरक का स्वाद ! वह तो कभी भी नहीं जान पाएगी कि पूँछ हिलाना क्या होता है...पूँछ हिलाने के कितने सुख होते हैं तथा उस सुख से कितने मीठे-मीठे फल प्राप्त होते हैं । भले ही रोबोट यह सब नहीं कर सकते, पर कुछ सोचकर ही तो वे तैयार हुए होंगे ।
   रोबोट का कुछ भी सोचना हो, पर नेता खुश हैं । अभी तक उनके भाषण मानव-प्रजाति के जीव ही लिखते थे; अब रोबोट लिखा करेंगे । इस एक उपाय से दो-दो लक्ष्यों का संधान होगा । नेता और उनके भाषण तकनीकी रूप से अपग्रेड हो जाएंगे । साथ ही लोगों की यह शिकायत भी दूर हो जाएगी कि नेताओं के पास वही घिसे-पिटे शब्द हैं उनके कान में ठूँसने के लिए । आज तक नेता धन-संपत्ति के मामले में ही फुल संपन्न हुआ करता था, अब तकनीक के मामले में भी फुल संपन्न हुआ करेगा । नेता फुल संपन्न हो और आमजन फुल विपन्न, तभी उसे भाषण पिलाने का फुल मजा आता है । नेताओं और आमजन के बीच की बढ़ती दूरी ही लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करती है ।
   उधर भाषण लेखक अभी से दुख से दुबले हुए जा रहे हैं । भाषण-लेखन से जितना लाभ मिलता था, उससे कई गुना अधिक लाभ पल भर के नेताओं के सानिध्य से हो जाता था । अब वे सड़क पर आने वाले हैं और सड़क पर आना खतरे से खाली नहीं है । हर तरफ भीड़ और कोलाहल है । भीड़ का भेड़ बनने की कल्पना ही उसके दुख का कारण है, पर एक राहत भी है उसके लिए । वह अब पाप का भागी बनने से बच जाएगा । आमजन को उल्लू बनाने वाले भाषण उसे नहीं लिखने पड़ेंगे ।
   नेता और रोबोट की भाषण युगलबंदी पुराने प्रतिमान ध्वस्त कर देगी । एक सीन यूँ उभर रहा है-प्यारे भाइयों, आपकी फटेहाली, तंगहाली, बदहाली, कंगाली देखकर मेरे ड्राई नैन अभी-के-अभी रैन बन गए हैं । वे बरसना चाहते हैं, किन्तु इस डर से रुके हुए हैं कि कहीं आप इन्हें घड़ियाल के आँसू न ठहरा दें । मैं आपको बताना चाहता हूँ कि ये कतई घड़ियाल के आँसू नहीं हैं । ये शुद्ध रोबोट के आँसू हैं ।

   तभी नेता को कुछ गलती जैसा आभास होता है । वह सम्भलते हुए कहता है-मेरा मतलब...आपके दुख-दर्द इतने हैं कि फौलाद की मशीन तक रो पड़े । मैं तो सिर्फ हाड़-माँस का इंसान हूँ । पर भाइयों, आपका दुख अब मेरा दुख है । आपको दुख में कदापि रोना नहीं पड़ेगा । आपकी तरफ से रोबोट आँसू बहाएंगे । मैं सभी भाइयों के लिए एक-एक रोबोट की व्यवस्था करूँगा । अपना दुख मिटाने के लिए आप मुझे ही...

मंगलवार, 9 फ़रवरी 2016

दोनों ही काम पर हैं

                         
   साधो, इनका आरोप है कि सत्ताधारी नेता काम नहीं करता, बल्कि बहाने बनाता है । हालांकि इन्होंने ऐसा कहकर एक रहस्य निर्मित कर दिया है । बहाने काम करने के लिए बनाता है या काम न करने के लिए । यह इन्होंने इनके शब्दों पर कान धरने वाले की समझ-नासमझ पर छोड़ दिया है । जो समझ गए हैं या जिन्होंने नहीं भी समझा है, का कहना है कि बहाने बनाना भी तो काम ही है । काम का मंत्र तो सीधा-सपाट होता है, पर बहानों के लिेए...वल्लाह, सौ पापड़ बेलने पड़ते हैं । अगर काम करने का बहाना हो, तो कुछ कम से काम चल जाता है; पर काम न करने का बहाना हो, तो बहुत कुछ करना पड़ता है ।
   उधर सत्ताधारी नेता का आरोप है कि सत्ताहारी नेता न खुद काम कर रहा है और न उसे काम करने दे रहा है । अब सवाल यह है कि सत्ताहारी नेता काम नहीं कर रहा है, तो उसे रोक कैसे रहा है ? रोकना भी काम ही होता है और बड़ी मेहनत का काम होता है । स्फष्ट है कि यह पूरी मेहनत से काम कर रहा है । सत्ता के बंजर-भूमि में बैठा नेता अपने बैलों को उल्टी हांक ही लगाता है । सीधे चलने से फसल नहीं लहलहाने लगती । दूसरा आरोप है कि इसकी वजह से वह भी काम नहीं कर पा रहा है । खिसियानी बिल्ली खम्भा नोंचे । यह भी अपने को वोट न देने वालों से खिसियाया हुआ है । वोट न देने वालों को तो नोंच नहीं सकता, क्योंकि वोट मांगने फिर उन्हीं के पास जाना होगा । अत: उसे ही नोंचकर अपनी संचित ऊर्जा को सुरक्षित रूप से निर्मुक्त कर रहा है । उसे सेफ्टी वाल्व बनने का निरन्तर अवसर दिया जा रहा है इस नेता की तरफ से और वह है कि कहे जा रहा है कि उसे देश के लिए कुछ करने ही नहीं दिया जा रहा ।
   दरअसल दोनों ही काम में लगे हुए हैं । सत्ताहारी नेता न केवल उसकी टांग खींचकर संहार-संहार खेल रहा है, बल्कि सत्ता-सुंदरी से दूरी का निर्मम प्रहार भी झेल रहा है । सड़क से संसद तक उसकी हताशा झलक रही है । इस हताशा का प्रदर्शन ही इसकी आशा का दर्शन है । यह संसद के कूँए में कूद रहा है, किसानों से गलबहियाँ कर रहा है, विभिन्न संस्थानों में छात्रों से मिल रहा है, अच्छी मौतों पर आँसू बहा रहा है, सुबह से शाम तक उपवास करके जूस पी रहा है । देश के लिए इतना कुछ करने के बावजूद भी यह थक कर नहीं बैठता । थकता भी है, तो विदेश जाकर थकान उतार लेता है । अपने देश को कष्ट नहीं देता ।
   उधर वह भी खूब काम कर रहा है । यात्राओं की भरमार है-देश में तो उसकी सरकार है, पर विदेश में भी उसकी दरकार है । वह अंग्रेजी के अक्षरों को महिमामंडित करके समाज को खास संदेश व बीज-मंत्र दे रहा है । वह सत्ताधारी नेता न केवल जनता को विकास-युक्त करना चाहता है, बल्कि देश को इस सत्ताहारी नेता से मुक्त भी करना चाहता है । ऐसे में काम के अलावा काम ही तो होगा ।

   दोनों के पास काम का जंजाल है । काम के कमाल से धमाल मचे, तो आश्चर्य कैसा !

शुक्रवार, 5 फ़रवरी 2016

मेहनत रंग ला रही है

                 
   देश के बाबा का गौरव उन्हें यूँ ही नहीं हासिल है । कुछ तो बात होगी, जिससे लोग उन्हें ऐसा कहने को विवश हुए । बाबा एक बार आगे बढ़ लेते हैं, तो फिर पीछे मुड़कर नहीं देखते । वे आमजन के जीवन में बदलाव लाना चाहते हैं और इसके लिए सतत प्रयत्नशील भी हैं । बदलाव की इस कोशिश का उनका अपना स्टाईल है । वे जब जी में आए, कहीं भी जा धमकते हैं और बदलाव को पीछे से भेज देते हैं ।
   किसान उनका प्रिय पात्र है । उसके कंधे पर उनके हाथ रखते ही बहुत कुछ बदल जाता है । उस किसान का भी बदल गया । कंधे पर हाथ रखकर बाबा तो चले गए, किन्तु बदलाव की बैलगाड़ी राजधानी से उस गाँव की तरफ बढ़ने लगी । विभिन्न सरकारी स्टेशनों से होते हुए वह बैंक जा पहुँची । छ: महीने बाद बैंक के अधिकारी क्रेडिट कार्ड को उस गाड़ी पर लादकर किसान के घर जा पहुँचे । साक्षात बदलाव दरवाजे पर आकर दस्तक देने लगा । वह अगवानी न करता, तो सीधे बाबा का अपमान होता । वर्ष-दर-वर्ष निकल गए । हजार लेने वाले को अब लाख लौटाना है । लेने के लिए बैंक-अधिकारी अब जेट विमान से आ रहे हैं । कितना बड़ा बदलाव आ गया है, सचमुच !
  बदलाव का धुन एक गरीब को चुन उन्हें ले जाता है उसके घर । बेचारा अपनी सीमाएं लांघता है, किन्तु प्रसन्न है । भोजन बढ़िया-से-बढ़िया होना चाहिए । एक अमीर गरीब के घर जाए या एक गरीब अमीर के घर जाए-दोनों ही आने वाले को वह नहीं खिलाते, जो वे खुद खाते हैं । गरीब बढ़कर व्यवस्था करता है और अमीर सिकुड़कर । यही गरीब अमीर का फर्क होता है । बाबा तृप्त होकर चले गए और बदलाव आ गया । घर का एक सदस्य सब-कुछ छोड़कर साहूकार की चाकरी कर रहा है ।
    एक दिन बदलाव बाबा को लेकर अचानक किसी मजदूर के घर जा पहुँचता है । वे उसके कंधे पर हाथ क्या रखते हैं, फोटुओं की झड़ी लग जाती है । वह अगले ही दिन देश के कोने-कोने तक जा पहुँचता है । उसे काम देने वाले इलाके के लोग हाथ खड़े कर देते हैं यह कहते हुए कि उससे मजदूरी करवाकर वे बाबा को बदनाम नहीं कर सकते ।

   वास्तव में बाबा सफल हो रहे हैं । बदलाव जमीन पर दिखाई दे रहा है ।
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...

लोकप्रिय पोस्ट